Breaking News

मेधावी बेटियों के सम्मान में सजा मंच, यादव विकास सेवा संस्थान ने बढ़ाया छात्राओं का हौसला


 लखनऊ - न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) - यादव विकास सेवा संस्थान की ओर से रविवार को राजधानी के एक निजी होटल में मेधावी छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इस बार मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी छात्राओं को ही मंच पर स्थान दिया गया, जिससे शिक्षा और प्रतिभा को सर्वोच्च सम्मान देने का संदेश समाज तक पहुंचा।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर अंशिका यादव, अनुष्का यादव, आराध्या यादव और सौम्या यादव को उनके शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संस्थान के अध्यक्ष अमित यादव ने बताया कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान के संरक्षक सुरेश कुमार यादव, अध्यक्ष अमित यादव, महासचिव राम सजीवन यादव, कार्यकारिणी सदस्य राम समुझ यादव, सुरेश यादव, राम मिलन यादव, डॉ. आकाश यादव, डॉ. राजेश यादव समेत संस्थान के सदस्य एवं समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं