भारतीय किसान संघ का सरकार के खिलाफ मोर्चा मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
नरसिंहपुर:-(मोहन सिंह राजपूत)- भारतीय किसान संघ, महाकोशल प्रांत की नरसिंहपुर इकाई ने रबी उपार्जन में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर देवंती परते को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि रबी उपार्जन वर्ष 2026 के दौरान जिले सहित प्रदेशभर में किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपार्जन केंद्रों पर छांव, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई जिलों में किसानों के स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं, जिससे हजारों किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं।
भारतीय किसान संघ के अनुसार महाकोशल प्रांत के 24 जिलों में लगभग 1 लाख 18 हजार 400 किसानों के स्लॉट अब तक बुक नहीं हो सके हैं। वहीं खरीदे गए गेहूं का समय पर उठाव नहीं होने से किसानों के भुगतान भी अटक रहे हैं। बारदानों की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
किसानों का आरोप है कि एक ओर उन्हें समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं व्यापारियों का माल आसानी से खरीदा जा रहा है। कई स्थानों पर किसानों को मजबूरी में मंडी में कम दामों पर गेहूं बेचना पड़ रहा है, जिससे उन्हें प्रति क्विंटल 300 से 400 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संघ ने मांग की है कि सभी पंजीकृत किसानों की स्लॉट बुकिंग तत्काल सुनिश्चित की जाए, सर्वर संबंधी तकनीकी खामियां दूर की जाएं, उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जाए तथा तौले गए अनाज का शीघ्र उठाव कर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा व्यापारियों की अवैध घुसपैठ रोकने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा आवश्यक होने पर व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई है। किसान संघ ने यह भी कहा कि यदि किसानों को मंडियों में गेहूं बेचना पड़ता है तो सरकार भावांतर भुगतान की व्यवस्था लागू करे तथा आगामी खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता अभी से सुनिश्चित की जाए।

कोई टिप्पणी नहीं