Breaking News

भीषण गर्मी फुल, लाइट गुल, टेंशन फुल, लापरवाह बना बिजली विभाग


(मोहन सिंह राजपूत) नरसिंहपुर/गोटेगांव:-
नगर में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगरवासियों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी अच्छी-खासी तनख्वाह लेने के बावजूद अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं।

शहर में बिजली कब जाएगी और कब आएगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं है। घंटों तक बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बिजली बंद होने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क तक नहीं हो पाता। शिकायत या जानकारी के लिए फोन लगाने पर मोबाइल बंद मिलता है और लैंडलाइन भी अक्सर बंद बताता है। ऐसे में उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ जाती है।

नगरवासियों का कहना है कि शासन स्तर पर लगातार यह दावा किया जाता है कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति दी जाएगी, लेकिन गोटेगांव की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट, बच्चों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की दिनचर्या पर गंभीर असर पड़ रहा है।

लोगों का यह भी आरोप है कि विद्युत कंपनी द्वारा एक ही अधिकारी को दो-दो स्थानों का प्रभार देकर व्यवस्था चलाई जा रही है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर निगरानी और रखरखाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। समय पर मेंटेनेंस नहीं होने से आए दिन फाल्ट और बिजली बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

नगरवासियों ने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि वे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा इस भीषण गर्मी में घंटों तक होने वाली बिजली कटौती से लोगों को राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएं। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो जनआक्रोश बढ़ सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं