Breaking News

फार्मर आईडी में लापरवाही पर सख्त कलेक्टर, 50% से कम प्रगति पर पटवारियों का वेतन रोके जाने की चेतावनी


सिंहपुर/गोटेगांव:- (मोहन सिंह राजपूत)-कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को जनपद पंचायत गोटेगांव में पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और कार्यों में लापरवाही बरतने वालों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्च माह तक यदि 50 प्रतिशत से कम किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई तो संबंधित पटवारी का वेतन आहरण रोक दिया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी पटवारियों को अगले 15 दिनों के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं और श्मशान घाट की भूमि पर हुए अतिक्रमण को जल्द हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देशित किया।

इसके अलावा उन्होंने गेहूं पंजीयन के सत्यापन कार्य को समय-सीमा में पूरा करने और जनगणना कार्य के लिए लैपटॉप में एमडीएम इंस्टॉल कराने की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बड़े किसानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं