Breaking News

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान, 4 मई को आएंगे नतीजे


नई दिल्ली-newsexpress18:- देश में एक बार फिर लोकतंत्र का बड़ा पर्व शुरू होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा, जिसमें पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को संपन्न होगा।
चुनाव आयोग ने बताया कि सभी राज्यों में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।
इन चुनावों को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। रैलियों, जनसभाओं और प्रचार अभियानों के जरिए मतदाताओं को लुभाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। खासकर पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है, जहां कई दलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को भी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं