न्यायालयीन कर्मचारियों के लिए उल्लास समिति के तहत हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं
गोटेगांव। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नरसिंहपुर के निर्देशानुसार तहसील विधिक सेवा समिति गोटेगांव द्वारा शुक्रवार को सिविल न्यायालय परिसर स्थित सभाकक्ष में उल्लास समिति/पर्व के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालयीन कर्मचारियों के कल्याण, मानसिक प्रसन्नता तथा उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा।
आयोजन के दौरान कर्मचारियों के लिए कैरम बोर्ड, लूडो, शतरंज, कविता एवं संगीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी हुई। कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति गोटेगांव की अध्यक्ष एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंवदा एस. राजोरिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट साक्षी शुक्ला, न्यायालयीन एवं विधिक सेवा कर्मचारी तथा पैरालीगल वालेंटियर्स गोपाल ब्यौहार एवं मनोज चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।
आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों के स्वास्थ्य, कार्यक्षमता एवं मानसिक प्रसन्नता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

कोई टिप्पणी नहीं