Breaking News

मदन महल पहाड़ी को ईको हैरिटेज सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावना तलाशने के निर्देश

कलेक्टर ने किया संग्राम सागर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण
जबलपुर - कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने मदन महल पहाड़ी को ईको हैरिटेज सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनायें तलाशने तथा विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश स्मार्ट सिटी लिमिटेड, नगर निगम और जबलपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दिये हैं। 
   आज मदन महल पहाड़ी स्थित संग्राम सागर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किये जा रहे कार्यों के निरीक्षण के दौरान श्रीमती भारद्वाज ने अधिकारियों से कहा कि ईको हैरिटेज सर्किट के विकास की संभावनाएं तलाशने के कार्य में संग्राम सागर के साथ-साथ देवताल, शैलपर्ण उद्यान, मदन महल किला, बैलेÏन्सग रॉक और पिसनहारी की मढ़िया को भी शामिल किया जाये। उन्होंने मदन महल पहाड़ी पर बसे इन सभी ऐतिहासिक महत्व के स्थानों को रोप-वे से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिये। ताकि आम नागरिक ऊंचाई से भी मदन महल की पहाड़ी के प्राकृतिक सौंदर्य को देख सकें। 
   कलेक्टर ने कहा कि ईको हैरिटेज सर्किट के प्रस्ताव को पर्यटन विकास निगम को भेजा जायेगा ताकि पर्यटन नीति के तहत चालीस प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में प्राप्त की जा सके। उन्होंने बताया कि मदन महल पहाड़ी को ईको हैरिटेज सर्किट के रूप में विकसित करने के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निविदाएं आमंत्रित की जायेंगी। श्रीमती भारद्वाज ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत संग्राम सागर में निर्माणाधीन चिल्ड्रन पार्क और कैफेटेरिया का अवलोकन किया तथा बारिश के दौरान ओव्हर फ्लो होने पर संग्राम सागर से पानी की निकासी के बनाये जा रहे स्पिल-वे का निरीक्षण भी किया। 
   इस दौरान श्रीमती भारद्वाज ने शैलपर्ण उद्यान के सौंदर्यीकरण के विकास और सौंदर्यीकरण के मुद्दे पर भी अधिकारियों से चर्चा की तथा जबलपुर विकास प्राधिकरण की सीईओ को इस बारे में जरूरी पहल करने के निर्देश दिये। संग्राम सागर, शैलपर्ण उद्यान और बैलेंसिंग रॉक के बाद कलेक्टर ग्वारीघाट और तिलवाराघाट भी गर्इं।  उन्होंने इन स्थानों को विकसित किये जाने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर के साथ नगर निगम आयुक्त चंद्रमणि शुक्ला, जबलपुर विकास प्राधिकरण की सीईओ निधि सिंह राजपूत, अपर आयुक्त नगर निगम जी.एस. नागेश, कार्यपालन यंत्री अजय शर्मा भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं