Breaking News

गोटेगांव में स्थापित होगी वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 10 फीट ऊँची प्रतिमा, चौराहा होगा ‘महाराणा प्रताप चौक’ के नाम से प्रसिद्ध


नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- नगर के बेल्हाई क्षेत्र में आगामी 17 जून को वीर शिरोमणि क्षत्रिय कुलभूषण महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के तहत 10 फीट ऊँची आकर्षक प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा तथा संबंधित चौराहे का नामकरण ‘महाराणा प्रताप चौक’ किया जाएगा।
प्रतिमा स्थापना को लेकर आज दिनांक 28 फरवरी को भूमि पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजपूत क्षत्रिय समाज सहित अन्य समाजों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरसिंहपुर पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है, जिनसे प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकती है।
बताया गया कि क्षत्रिय राजपूत सभा द्वारा नगर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की योजना कई वर्षों से बनाई जा रही थी। राजपूत क्षत्रिय सभा की युवा इकाई के अध्यक्ष ठाकुर राजेश सिंह राजपूत के विशेष प्रयासों से यह संकल्प साकार रूप ले रहा है। गत वर्ष दीपावली मिलन कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल एवं गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश को आमंत्रित कर नगर में प्रतिमा स्थापना एवं राजपूत क्षत्रिय सभा के लिए सामूहिक भवन निर्माण की मांग रखी गई थी। दोनों जनप्रतिनिधियों ने उस समय इस मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया था, जो अब मूर्त रूप ले रहा है।
राजपूत क्षत्रिय सभा के जिला अध्यक्ष ठाकुर इंद्रभूषण सिंह मानेगांव एवं राजपूत क्षत्रिय सभा गोटेगांव इकाई के युवा अध्यक्ष राजेश सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा 18 लाख रूपये में ग्वालियर से मंगाई जा रही है, स्थापित की जाने वाली प्रतिमा 10 फीट ऊँची होगी। साथ ही मध्य प्रदेश शासन की सहायता से 47 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से गोटेगांव के कुम्हड़ाखेड़ा क्षेत्र में सभा का भवन भी निर्मित किया जाएगा, ठाकुर राजेश सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप जी की जयंती के अवसर पर प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम बड़े ही भव्यता के साथ प्रदेश स्तर पर आयोजित किया जायेगा, जिसमें बिभिन्न जिलों के राजपूत क्षत्रिय समाज के अलावा बिभिन्न समाजों के प्रतिनिधि सम्मलित होंगे, जो गोटेगाँव क्षत्रिय सभा को एक नई पहचान देगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल, राजपूत क्षत्रिय सभा के जिलाध्यक्ष ठाकुर इंद्रभूषण सिंह (मानेगांव), द्वारिका सिंह राजपूत, ठाकुर हेमेंद्र सिंह, ठाकुर गिरवान सिंह, ठाकुर मदन सिंह, ठाकुर सरदार सिंह, ठाकुर राजेंद्र सिंह, ठाकुर मुकेश सिंह राठौर (जमुनिया), ठाकुर सीताराम सिंह (बेल्हाई), ठाकुर राजेंद्र सिंह (गडरिया खेड़ा), ठाकुर योगेंद्र सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष करेली), बसंत उपाध्याय (ब्लॉक अध्यक्ष ब्राह्मण सभा गोटेगांव), दादूराम पटेल, विशाल सिंह पटेल, राजेंद्र राय, सीताराम राजपूत, ठाकुर यशपाल सिंह, ठाकुर कृपाल सिंह, ठाकुर नरेंद्र सिंह, महिला इकाई से श्रीमती लता राजपूत (अध्यक्ष महिला इकाई गोटेगांव), श्रीमती प्रियंका राजपूत (उपाध्यक्ष महिला इकाई), कुं. महक राजपूत (सचिव महिला इकाई) सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन एडवोकेट प्रताप सिंह राजपूत द्वारा किया गया।
नगर में प्रतिमा स्थापना की इस घोषणा से राजपूत समाज सहित समस्त नागरिकों में उत्साह का वातावरण है और इसे गोटेगांव की ऐतिहासिक पहचान को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।

#maharana pratap, #गोटेगांव समाचार, #महाराणा प्रताप, #मूर्ति स्थापना, #प्रताप चौक, #वीर शिरोमणि, #चौक नामकरण, #मध्य प्रदेश, #प्रताप मूर्ति, #गोटेगांव, #bharat ka veer putra maharana pratap, #veer shiromani,

कोई टिप्पणी नहीं