Breaking News

मुख्य मार्ग पर 24 घंटे जमा रहता है गंदा पानी, तिरका गांव में संक्रमण का खतरा बढ़ा


 नरसिंहपुर/गोटेगांव:- ( मोहन सिंह राजपूत) - एक ओर जहां सरकार द्वारा स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे और अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गोटेगांव जनपद की ग्राम पंचायत राजा कछार के तिरका गांव में जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। गांव की मुख्य सड़क पर प्रहलाद पटेल के मकान के सामने 24 घंटे गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार यह गांव का प्रमुख मार्ग है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर दूषित पानी लंबे समय से भरा हुआ है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और मच्छरों की बढ़ती संख्या ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

गांववासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की गई और न ही नियमित साफ-सफाई पर ध्यान दिया गया। पंचायत प्रशासन की इस उदासीनता से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही गंदे पानी की निकासी नहीं कराई गई, तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि गांव में स्वच्छता बनी रहे और लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।

कोई टिप्पणी नहीं