थाना ठेमी क्षेत्र में खेत से चोरी, 65 हजार रुपये हड़पने का भी आरोप
नरसिंहपुर/गोटेगांव:- ( मोहन सिंह राजपूत ) - ठेमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुनिया में एक किसान के खेत से कृषि सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय नरसिंहपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजेन्द्र सिंह राजपूत (60 वर्ष) निवासी ग्राम जमुनिया ने आवेदन में बताया कि उनकी कृषि भूमि मौजा ग्राम जमुनिया में स्थित है। खेत में बनी टपरिया में ग्राम देवनगर निवासी मोहन चौधरी अपनी पत्नी राधाबाई और तीन बच्चों के साथ रहकर कृषि मजदूरी करता था। टपरिया में आरोपी के रहने के साथ-साथ कृषि उपयोगी सामग्री भी रखी जाती थी।
आवेदन के अनुसार 13 फरवरी 2026 की रात आरोपी कथित रूप से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ टपरिया से फरार हो गया। आरोप है कि वह टपरिया में रखा कृषि सामान — पीतल के नोजलों की 20 चिड़िया, 5 बोरी डीएपी खाद, 4 बोरी यूरिया तथा 4 क्विंटल उड़द — अपने साथ ले गया।
पीड़ित किसान का यह भी आरोप है कि उसने गन्ना रोपाई के मजदूरों के भुगतान हेतु आरोपी को 20,000 रुपये दिए थे, जिनका भुगतान मजदूरों को नहीं किया गया और उक्त राशि लेकर वह फरार हो गया। इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा पूर्व में बच्चों की पढ़ाई और पारिवारिक विवाह के लिए 45,000 रुपये उधार लेने का भी उल्लेख आवेदन में किया गया है, जो अब तक वापस नहीं किए गए हैं।
14 फरवरी को जब किसान खेत पहुंचा तो टपरिया से कृषि सामग्री और आरोपी का गृहस्थी सामान गायब मिला। इसके बाद वह तत्काल ठेमी थाना पहुंचा, जहां प्रारंभ में रिपोर्ट दर्ज न किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में आरोपी के रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए उनसे पूछताछ की मांग की गई है। पीड़ित ने कुल 65,000 रुपये की राशि वापस दिलाए जाने एवं चोरी के मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार रात पीड़ित द्वारा गोटेगांव थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं