सीएम राइज स्कूल निर्माण कार्य का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
नरसिंहपुर/गोटेगांव:- (मोहन सिंह राजपूत)- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को गोटेगांव में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल भवन का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का भी परीक्षण कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस स्कूल का निर्माण किया जा रहा है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या गुणवत्ता में समझौता बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान कलेक्टर ने उत्कृष्ट विद्यालय के पुराने भवन को हटाने (डिस्मेंटल) की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि नए भवन का निर्माण कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
निरीक्षण के समय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह नागेश और डिप्टी कलेक्टर सुश्री शानू चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं