मुआरघाट में युवक ने फांसी लगाई, इलाके में फैली सनसनी पुलिस जांच में जुटी, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल जारी
(मोहन सिंह राजपूत) नरसिंहपुर/गोटेगांव:- थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुआरघाट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के निवासी राजू मलाह द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 13 मई की सुबह सामने आई, जब ग्रामीणों ने राजू मलाह को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका देखा। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना से पहले भी राजू मलाह का नाम एक विवादित मामले में सामने आया था। बताया जा रहा है कि लगभग चार दिन पूर्व लखनादौन निवासी एक महिला अपने साथ एक मजदूर के साथ राजू के यहां पहुंची थी। आरोप है कि राजू उन्हें वापस नहीं जाने दे रहा था। मामले की सूचना डायल 112 को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ लेकर आई थी।
बताया जाता है कि बाद में महिला द्वारा थाना गोटेगांव में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। शिकायत में कुछ ग्रामीणों को परेशान किए जाने संबंधी बातें भी सामने आई थीं। पुलिस ने उस दौरान राजू से पूछताछ करने का प्रयास किया था, लेकिन वह पुलिस को नहीं मिला था।
इसी बीच बुधवार सुबह उसके द्वारा फांसी लगाए जाने की घटना सामने आने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीण भी घटना को लेकर स्तब्ध नजर आए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है तथा जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं