किराना दुकान में घुसकर गुंडागर्दी, संचालक से मारपीट और तोड़फोड़ — घटना का वीडियो वायरल
नरसिंहपुर/गोटेगांव:- ( मोहन सिंह राजपूत)- कुछ दिनों पूर्व सट्टा, जुआ, अवैध शराब और नशीले पदार्थों की गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रही गोटेगांव पुलिस पर एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला थाना गोटेगांव अंतर्गत ग्राम कुम्हड़ाखेड़ा का है, जहां एक किराना दुकान में घुसकर चार युवकों द्वारा गुंडागर्दी, मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुम्हड़ाखेड़ा में स्थित अक्षय किराना भंडार के संचालक राकेश नेमा की दुकान पर चार युवक पहुंचे। उन्होंने दुकान से राजश्री ली और जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो वे भड़क गए। आरोप है कि युवकों ने गुस्से में आकर दुकान के अंदर घुसकर राकेश नेमा के साथ जमकर मारपीट की और दुकान में रखे सामान के साथ तोड़फोड़ भी की।
इस घटना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे किसी राहगीर ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ युवक दुकान संचालक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित राकेश नेमा ने गोटेगांव थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है और पुलिस अधीक्षक से सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को चिंताजनक बताते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ती गुंडागर्दी और आपराधिक गतिविधियों पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई कर अंकुश लगाया जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।

कोई टिप्पणी नहीं