Breaking News

दिल्ली किसान आंदोलन के समर्थन में नरसिंहपुर के किसानों का अर्धनग्न प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


नरसिंहपुर:- 15 दिसम्बर 2020 (आशीष दुबे)- केन्द्र सरकार द्वारा लाये गए तीन कृषि बिलों के विरोध में देश भर के किसान आंदोलन कर रहे हैं, इसका असर मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में भी देखने को मिला।
सोमवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ मध्यप्रदेश की जिला इकाई ने केन्द्र सरकार के तीन कृषि बिलों, और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर तीव्र प्रदर्शन करते हुए केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बड़ी संख्या में किसानों ने अर्धनग्न होकर शहर में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के पूर्व किसानों ने उक्त संगठन के आव्हान पर बरमान से लेकर जिला मुख्यालय तक ट्रेक्टर एवं चार पहिया वाहनों की रैली निकाली, और जगह-जगह प्रदर्शन किया।
जिला मुख्यालय आकर गांधी चौक से लेकर सुभाष पार्क होते हुए कलेक्ट्रेट तक किसानों ने अर्धनग्न होकर पैदल चलते हुए प्रदर्शन किया, और केन्द्र सरकार को किसान विरोधी बताया।
इस दौरान कई स्थानों पर प्रशासन ने किसानों को रोकने का प्रयास किया, प्रशासन की किसानों के साथ कहा सुनी के बाद किसान कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए।
किसानों ने कहा कि दुर्भाग्य का विषय है कि देश का अन्नदाता कड़कड़ाती ठंड में पिछले 17 दिनों से सड़कों पर आंदोलन करने मजबूर है, और आज हमे विवश होकर कपड़े उतारकर इस ठंड में भी सरकार के विरोध में प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
इस दौरान किसानों ने कहा कि वे पूर्ण रूप से दिल्ली में चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हैं, किसानों ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भी शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
ज्ञापन में राजस्व विभाग, गन्ना से संबंधित, विद्युत विभाग, सहकारिता, मंडी से संबंधित, वन एवं कृषि विभाग तथा जनपद व पंचायत से संबंधित अनेक समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
किसानों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाने, यूरिया उपलब्ध कराने, 16 घंटे तीन फेस बिजली देने, बीमा राशि प्रदान करने के अलावा गांव-गांव में बिक रहे अवैध मादक पदार्थ और शराब पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।
इस मौके पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष एकम सिंह पटैल ने कहा कि यदि सरकार ने तीनों कानून वापिस नही लिए, और स्थानीय समस्याओं का हल नही किया तो संगठन आगामी समय में पुन:आंदोलन करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं