Breaking News

मुंबई - आर्थिक पैकेज के एलान से बाज़ार हुआ गुलजार, सेंसेक्स और निफ्टी में तेज़ी


मुंबई - वैश्विक कोरोना महामारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज का एलान किया, जिससे सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत जोरदार उछाल के साथ हुई।

                  बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3.48 फीसदी की बढ़त के साथ 1093.17 अंक ऊपर 32464.29 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 3.43 फीसदी के उछाल के साथ 315.85 अंक ऊपर 9512.40 के स्तर पर खुला।



अर्थव्यवस्था के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज की घोषणा 

                   पीएम मोदी ने कहा, कोरोना संकट के बीच मैं विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा करता हूं। ये पैकेज आत्मनिर्भर भारत अभियान की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा। हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं और आज जिस पैकेज का एलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब 20 लाख करोड़ रुपये का है। ये पैकेज भारत की जीडीपी का करीब 10 फीसदी है।

                 उन्होंने कहा, इन सबके जरिए देश के विभिन्न वर्गों को 20 लाख करोड़ रुपये का संबल मिलेगा। 20 लाख करोड़ का ये पैकेज 2020 में देश की विकास यात्रा को नई गति देगा। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पूरा करने के लिए इस पैकेज में लैंड, लेबर, लिक्विडिटी सभी पर बल दिया गया है।

वैश्विक शेयर बाजारों का हाल

                   वैश्विक शेयर बाजारों की बात करें, तो मंगलवार को इनमें गिरावट देखने को मिली थी। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.89 फीसदी की गिरावट के साथ 457.21 अंक नीचे 23,764.80 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 2.06 फीसदी गिरावट के साथ 189.79 अंक नीचे 9,002.55 पर बंद हुआ।

                  एसएंडपी 2.05 फीसदी गिरावट के साथ 60.20 अंक नीचे 2,870.12 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.18 फीसदी गिरावट के साथ 5.26 अंक नीचे 2,886.30 पर बंद हुआ था। साथ ही फ्रांस और जर्मनी के बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि इस बीच इटली के बाजार में तेजी देखी गई।


मंगलवार को गिरावट पर बंद हुआ था बाजार

                    मंगलवार को भी दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 190.10 अंक यानी 0.60 फीसदी की गिरावट के साथ 31371.12 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.46 फीसदी की गिरावट के साथ 9196.55 के स्तर पर बंद हुआ था।



कोई टिप्पणी नहीं