कानून के रखवाले कटघरे में: थाना प्रभारी पर मारपीट-वसूली के गंभीर आरोप, पीड़ित युवक 48 घंटे से लापता
सीसीटीवी से दूर कोठरी में पिटाई का आरोप, 17 हजार नकद और मोबाइल छीनने, 4 लाख की मांग का दावा; कलेक्टर से शिकायत,
नरसिंहपुर/गोटेगाँव :-(मोहन सिंह राजपूत)- गोटेगांव थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आज़ाद वार्ड निवासी एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को चाय की दुकान से उठाकर थाने लाया गया, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बाहर स्थित एक कोठरी में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, जेब में रखे 17 हजार रुपये और मोबाइल छीनने तथा 4 लाख रुपये की मांग करने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से युवक पिछले 48 घंटे से लापता है।
मामले को लेकर आज़ाद वार्ड निवासी चन्द्रिका राय ने सोमवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने बेटे दीपक राय को सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है।
चाय की दुकान से उठाकर थाने ले जाने का आरोप
शिकायत के अनुसार 17 जुलाई को दीपक राय अनुपम मॉल के सामने एक चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गोटेगांव थाना प्रभारी अपने चार पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे और बिना कोई कारण बताए दीपक को धक्का-मुक्की करते हुए पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गए।
सीसीटीवी से बाहर बनी कोठरी में पिटाई का दावा
परिजनों का आरोप है कि दीपक को थाने के पीछे स्थित पुरानी कोठरी में ले जाया गया, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं है। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी जेब में रखे 17 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया।
4 लाख रुपये की मांग और झूठे केस में फंसाने की धमकी
चन्द्रिका राय का आरोप है कि जब वे बेटे को छुड़ाने थाने पहुंचे तो पुलिस ने पहले उसकी मौजूदगी से ही इनकार कर दिया। बाद में रात करीब 10 बजे उन्हें कोरे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए और 4 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायत में कहा गया है कि अगले दिन फिर बुलाकर रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
48 घंटे से लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता
परिजनों के अनुसार 18 जुलाई से दीपक राय घर नहीं लौटा है। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गोटेगांव थाना प्रभारी प्रदीप सराफ पर पहले भी कथित वसूली और लेन-देन जैसे आरोप लग चुके हैं। परिजनों का कहना है कि इन मामलों की शिकायत पुलिस अधीक्षक से भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार सामने आ रहे आरोपों के बीच थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर स्थानीय स्तर पर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित थाना प्रभारी की ओर से इस मामले में सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
निष्पक्ष जांच की मांग
चन्द्रिका राय ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और लापता बेटे को सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है।
इनका कहना है...
"शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
#खाकी_कटघरे_में #थाना_प्रभारी_पर_आरोप #मारपीट_का_आरोप #वसूली_का_आरोप #युवक_लापता #पुलिस_विवाद #कलेक्टर_से_शिकायत #सीसीटीवी_से_दूर_पिटाई #न्याय_की_मांग #मध्यप्रदेश_समाचार #क्राइम_न्यूज़ #स्थानीय_समाचार



कोई टिप्पणी नहीं