काली पट्टी बांधकर पटवारियों ने शुरू किया आंदोलन
6 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध विरोध, 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
नरसिंहपुर/गोटेगांव:-"मोहन सिंह राजपूत"- मध्यप्रदेश पटवारी संघ तहसील शाखा गोटेगांव ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ ने तहसीलदार श्रीमती पूर्णिमा भगत को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की रूपरेखा से अवगत कराया और मांगें पूरी नहीं होने पर 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
संघ अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, सचिव दुर्गेश कुमार चौधरी एवं महामंत्री मनमोहन श्रीवास्तव ने बताया कि कैडर रिव्यू का प्रस्ताव वर्षों से लंबित है। प्रदेश के अन्य विभागों में पदोन्नतियां हो रही हैं, लेकिन पटवारी संवर्ग को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कैडर रिव्यू लागू होने तक समयमान वेतनमान एवं पदोन्नति का लाभ देने की मांग की।
संघ ने नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा नियमित कराने, पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करने, लंबित वित्तीय देयों का भुगतान तथा बार-बार होने वाले तबादलों पर रोक लगाने की भी मांग की है।
आंदोलन के तहत 20 से 23 जुलाई तक काली पट्टी बांधकर कार्य किया जाएगा। इसके बाद 24 से 27 जुलाई तक शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यक्रमों का बहिष्कार, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार तथा 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। इस दौरान तहसील शाखा के बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे।
#गोटेगांव #पटवारी_आंदोलन #मध्यप्रदेश_पटवारी_संघ #काली_पट्टी_विरोध #कैडर_रिव्यू #पदोन्नति #राजस्व_विभाग #तहसील #सरकारी_कर्मचारी #मध्यप्रदेश #Gotegaon #Patwari #MadhyaPradesh

कोई टिप्पणी नहीं