Breaking News

पिकअप में क्षमता से कई गुना अधिक मजदूर, क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?



10-15 की क्षमता वाले वाहनों में 40-50 मजदूर, झोतेश्वर चौकी के सामने से बेखौफ गुजर रहे ओवरलोड वाहन

नरसिंहपुर/गोटेगांव:-"मोहन सिंह राजपूत"- क्षेत्र में मजदूरों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। निर्माण कार्य और कृषि कार्यों के लिए ग्रामीण इलाकों से आने वाले मजदूरों को पिकअप वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक संख्या में भरकर खुलेआम ले जाया जा रहा है। 10 से 15 लोगों की क्षमता वाले वाहनों में 40 से 50 मजदूरों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया जा रहा है। ये वाहन मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि मजदूर पिकअप के पिछले हिस्से में असुरक्षित तरीके से बैठे और लटके हुए हैं। वाहन चालक यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। पूर्व में भी ओवरलोड पिकअप पलटने से मजदूर घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

सबसे गंभीर बात यह है कि ये ओवरलोड वाहन झोतेश्वर पुलिस चौकी के सामने से ही गुजरते हैं, फिर भी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई केवल दोपहिया वाहन चालकों तक सीमित रह गई है, जबकि ओवरलोड पिकअप, बस और डंपर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने श्रीनगर-पचमा बस हादसे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस दुर्घटना में एक बच्ची की मौत के बाद कुछ समय तक अभियान चला, लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले मजदूरों की जान बचाई जा सके।

#गोटेगांव #नरसिंहपुर #ओवरलोड_पिकअप #मजदूर_सुरक्षा #सड़क_सुरक्षा #यातायात_नियम #परिवहन_विभाग #पुलिस_प्रशासन #झोतेश्वर #ओवरलोड_वाहन #RoadSafety #TrafficRules #MadhyaPradesh #Narsinghpur #Gotegaon

कोई टिप्पणी नहीं