"रिकॉर्ड में बंटा राशन, हकीकत में खाली थाली; 5 महीने बाद फूटा गरीबों का गुस्सा"
"जो बने सो कर लो, राशन नहीं देंगे"- सोसायटी संचालक पर मनमानी का आरोप, एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। नगर के गुरु नानक वार्ड, पटेल वार्ड, बजरंग वार्ड और गौरादेवी वार्ड के दर्जनों गरीब परिवारों ने आरोप लगाया है कि उन्हें पिछले पांच महीनों से राशन नहीं मिला, जबकि उनके राशन कार्ड में हर महीने वितरण की एंट्री दर्ज कर दी गई। इससे मजदूर और जरूरतमंद परिवारों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मंगलवार को पीड़ित परिवारों ने जनसुनवाई में पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्रीमती संघमित्रा गौतम को शिकायत पत्र सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के अनुसार सभी हितग्राही गोटेगांव टॉकीज के पास स्थित महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार मर्यादित सोसायटी से राशन प्राप्त करते हैं। आरोप है कि पिछले पांच महीनों से राशन कार्ड में नियमित रूप से राशन वितरण दर्ज किया जा रहा है, लेकिन वास्तविक रूप से हितग्राहियों को एक किलो अनाज तक नहीं दिया गया।
पीड़ितों का कहना है कि जब वे अपना हक मांगने सोसायटी पहुंचते हैं तो वहां से उन्हें कथित तौर पर यह कहकर लौटा दिया जाता है कि "जो बने सो कर लो, राशन नहीं देंगे।" इस व्यवहार से गरीब परिवारों में भारी नाराजगी है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि अधिकांश परिवार मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। महंगाई के दौर में सरकारी राशन ही उनके परिवार का मुख्य सहारा है। लगातार पांच महीने तक राशन नहीं मिलने से कई घरों में चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है और परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति बन गई है।
आवेदकों ने एसडीएम से मांग की है कि पिछले पांच महीनों का पूरा बकाया राशन तत्काल उपलब्ध कराया जाए, वर्तमान माह का राशन भी दिलाया जाए तथा इस कथित अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
*एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश*
इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) संघमित्रा गौतम ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जीएसओ को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित उचित मूल्य की दुकान के संबंध में पहले भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिन पर विक्रेता एवं प्रबंधन को नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि अब तक उनका जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित दुकान की विक्रेता अर्चना तिवारी हैं।
"शिकायत मिलने पर जीएसओ को जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस दुकान की पहले भी शिकायतें आई थीं, जिस पर विक्रेता एवं प्रबंधन को नोटिस जारी किए गए थे। जवाब प्राप्त नहीं होने पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"
-संघमित्रा गौतम, एसडीएम, गोटेगांव
#राशन_घोटाला #गरीबों_का_गुस्सा #सार्वजनिक_वितरण_प्रणाली #राशन_वितरण #सोसायटी_संचालक #मनमानी #एसडीएम_जांच #जांच_के_निर्देश #रिकॉर्ड_में_राशन #खाली_थाली #गोटेगांव #नरसिंहपुर_समाचार #मध्यप्रदेश_समाचार #भ्रष्टाचार #जनसमस्या #खाद्य_सुरक्षा #प्रशासनिक_कार्रवाई #जनहित_की_खबर



कोई टिप्पणी नहीं