Breaking News

नरसिंहपुर पहुंचें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, जनसभा को किया संबोधित


सरकार आई तो महिलाओं को 1500 रुपये महीना, और 500 रुपए में देंगे सिलेंडर,
नरसिंहपुर:-19 मार्च 2023 (आशीष दुबे)- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ नरसिंहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक आमसभा को संबोधित किया।
     जनपद मैदान में कमलनाथ ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को 1500 रुपए महीने दिया जाएगा, साथ ही गैस सिलिंडर 500 रुपए में मिलेगा।
     पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नरसिंहपुर जिले की जो प्रमुख मांगे हैं, जिनमें मेडिकल कॉलेज और गन्ना अनुसंधान केंद्र उसे भी एक मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं बल्कि एक पड़ोसी के तौर पर पूरी करने की घोषणा करता हूँ, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए।
       रविवार की सुबह पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ हैलीकाप्टर से नरसिंहपुर पहुंचे, उन्होंने जिला कांग्रेस के कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से चर्चा की।।
     इसके उपरांत सभा स्थल के पास मंडल सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया, इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करने जनपद मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए, करीब 15 मिनट के अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश की भाजपानीत शिवराज सरकार को घेरते हुए भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा।
      उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंवेस्टर्स मीट की नौटंकी करते हैं। कोई भी उद्योग तब लगता है जब उद्योग लगाने वालों को विश्वास होता है। कमल नाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री को छिंदवाड़ा से बड़ा लगाव है, वह वहां बार-बार आते हैं। जबकि वहां सभी विधायक, महापौर, जिला पंचायत कांग्रेस की हैं।
     इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक सभा में कहा कि वे कमल नाथ की राजनीति को गाड़ना चाहते हैं, राजनीति का अंत करना चाहते हैं। मैं इन बातों में नहीं पड़ना चाहता लेकिन कहना चाहता हूं कि शिवराज जी मैं मंहगाई, बेरोजगारी को गाड़ना चाहता हूं, हम मिलकर आपकी राजनीति का अंत करेंगे।
     उन्होंने कहा कि शिवराज जी अगले चुनाव में हम मिलकर आपकी राजनीति का अंत करेंगे, प्रदेश की जनता बहुत समझदार है। आज हर मतदाता के सामने चुनौती है कि हम अपना प्रदेश कैसे सुरक्षित रखें। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में की गई कर्ज माफी, गोशाला निर्माण, कन्याओं के विवाह के लिए राशि में वृद्धि, पेंशन वृद्धि जैसे कार्य बताए।
     पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम मुख्यमंत्री थे, मैंने तय किया कि मैं सौदे की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। मैं मप्र की पहचान सौदे की राजनीति से नहीं बनाना चाहता। उन्होंने शिवराज सरकार से एक बार फिर 18 वर्ष का हिसाब मांगा।
यह नहीं सोचना की मैं बूढ़ा हाे गया हूं:-
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सभा के दौरान कहा कि मैं आपका पड़ोसी हूं, यहां वर्षों से आता रहा हूं, यहां आकर मुझे अपनी जवानी याद आती है, लेकिन आप यह नहीं सोचना कि मैं बूढ़ा हो गया हूँ।
      पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हर चुनाव के अपने मायने होते हैं। हमारे सामने विधानसभा चुनाव हैं। इस चुनाव में बहुत से मुद्दे रहेंगे। लेकिन सबसे बड़ा मुद्दा है कि हम अपनी संस्कृति की रक्षा करें। यदि भारत एक झंडे के नीचे खड़ा है तो यह हमारी संस्कृति है जो हमें जोड़ती है। लेकिन आज हमारी संस्कृति पर हमला हो रहा है, कौन से रास्ते पर हम चलना चाहते हैं, जोड़ने के या तोड़ने के रास्ते पर। हम कैंसा प्रदेश आगे आने वाली पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं यह हमें सोचना हैं। यदि संविधान गलत हाथों में चला जाए तो फिर अपने देश का क्या होगा।

कोई टिप्पणी नहीं