Breaking News

होशंगाबाद - कलेक्टर ने किया खरीदी एवं भंडारण केन्द्रों का निरीक्षण

होशंगाबाद/16,मई, 2020/-(अजयसिंह राजपूत)- कलेक्टर धनंजय सिंह ने आज विकासखंड सिवनीमालवा के चोतलाय, भंडारा, हथनापुर, खपरिया, बानापुरा इत्यादि खरीदी केन्द्रो एवं आईल फेड बानापुरा भंडारण केन्द्र का निरीक्षण किया।

                  कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र चोतलाय में स्वयं के समक्ष उपज की तौल करवाई, दो अलग-अलग तोल कांटो से  उपज की तौल में अंतर पाए जाने पर दोनो तौल कांटो को जप्त करने तथा पंचनामा बनाकर जांच करने के निर्देश एसडीएम सिवनीमालवा को दिये। उन्होंने सभी खरीदी केन्द्रों में उपज की तोल व्यवस्था का जायजा लिया।

                       


                       कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों में उपज विक्रय हेतु आए किसानो तथा शेष किसानो की जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधको को उपार्जन कार्य का सुचारू रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु फिजीकल डिस्टेसिंग सहित अन्य आवश्यक सावधानी केन्द्रो पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उपज विक्रय हेतु आये किसान भाईयो को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो यह सुनिश्चित करे। इसके पश्चात कलेक्टर ने हथनापुर स्थित गोदाम, आईल फेड बानापुरा गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने भंडारण क्षमता एवं रिक्त क्षमता का जायजा लिया तथा भंडारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये।

                      कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी सिवनीमालवा में गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने उपार्जन, परिवहन, भंडारण का सुचारू रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन खरीदी केन्द्रों में अधिक खरीदी शेष है उन केन्द्रो का सत्यापन कर कार्ययोजना बनाकर समयसीमा में उपार्जन, परिवहन एवं भंडारण की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर एसडीएम सिवनीमालवा रविशंकर राय, डिप्टी कलेक्टर नितिन टाले, जनपद सीईओ दुर्गेश भूमरकर, तहसीलदार श्री साल्वे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं