Breaking News

रायसेन - तीन और कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने से जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर हुई सात

रायसेन, 16 अप्रैल 2020/ ( सत्येन्द्र पांडे )- 16 अप्रैल को नोवेल कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के तीन और पॉजीटिव मरीज मिले हैं जिन्हें रायसेन कोविड केयर सेंटर में आइसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव, सीईओ जिला पंचायत अवि प्रसाद तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एके शर्मा से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में अब तक कुल सात कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले हैं। जिला चिकित्सालय से 16 अप्रैल को 20 संदिग्ध मरीजों के सेम्पल जांच के लिए एम्स भोपाल भेजे गए हैं।


                          जिले में अभी तक 25432 लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई है तथा 15877 लोगों को होम कोरेंटाइन किया गया है। जिले में सर्दी-खांसी के कुल मरीजों की संख्या 8597 है। इनमें 57 लोगों को हॉस्पिटल आइसोलेशन में रखा गया है। जिले से अभी तक कुल 201 संदिग्ध मरीजों के सेम्पल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से जिले के सात तथा जिले से बाहर एक मरीज की रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त हुई है।

                        इसी प्रकार 142 की रिपोर्ट निगेटिव है तथा 49 सेम्पल की रिपोर्ट प्रतीक्षित है। तीन सेम्पल रिजेक्ट हो गए हैं। जिले के विभिन्न संस्थागत कोरेंटाइन सेंटर में 375 संदिग्ध व्यक्तियों को रखा गया है। होम कोरेंटाइन में रखे गये व्यक्तियों एवं आम जनता के स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए जिला चिकित्सालय रायसेन में टेलिमेडिसिन हेतु मोबाईल/व्हाट्सएप नम्बर 8223991808, 8224041801 जारी किया गया है। इन नम्बरों पर स्वास्थ्य संबंधी समस्या का चिकित्सकीय उपचार दिया जा रहा है। 

बेगमगंज अनुभाग में 10 संदिग्ध मरीज आइसोलेशन सेंटर में भर्ती-

         बेगमगंज एसडीएम संजय उपाध्याय ने जानकारी दी कि 16 अप्रैल को आइसोलेशन सेंटर क्रमांक-1 से 17 लोगों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत छोड़ा गया है। सभी को 14 दिनों तक घर में ही होम कोरेंटाइन रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 नवीन मरीजों को परीक्षण उपरांत आइसोलेशन सेंटर क्रमांक-1 में रखा गया है। अनुभाग में बाहर से आने वाले लोगों की सूचना प्राप्त होने पर रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा मौके पर जाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। बेगमगंज नगरपालिका क्षेत्र में जनसहयोग से 1397 निर्धन तथा बेसहारा लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए गए।

सिलवानी अनुभाग में आठ संदिग्ध मरीज संस्थागत कोरोंटाइन भेजे गए -

                  सिलवानी एसडीएम एलके खरे ने जानकारी दी कि ब्लॉक मेडिकल ऑफीसर द्वारा 31 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें आठ लोगों को संदिग्ध मानते हुए संस्थागत कोरेंटाइन के लिए भेजा गया है तथा साठ वर्षीय श्री रामकिशन को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। दो लोगों को होम कोरेंटाइन किया गया है। सिलवानी अनुभाग में 16 अप्रैल तक कुल 45 लोग संस्थागत कोरेंटाइन हैं।

                          अनुभाग की ग्राम पंचायत कीरतपुर, सियरमउ तथा चैनपुर में पंचायत सचिव, हल्का पटवारी द्वारा ग्रामवासियों को मास्क वितरित किए गए तथा कोविड-19 संक्रमण से बचाव की जानकारी दी गई। एसडीएम श्री खरे द्वारा उपार्जन केन्द्र चिंगवाड़ा कला, कुण्डाली, गुंदरई, सिमरिया का निरीक्षण कर उपार्जन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के निर्देश दिए।

रायसेन में तीन नए कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले-

                   रायसेन एसडीएम श्रीमती मिशा सिंह ने जानकारी दी कि कोविड-19 संक्रमण के तीन और पॉजीटिव मरीज मिले हैं जिन्हें रायसेन कोविड केयर सेंटर में आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि रायसेन स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज को आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है।

                           रैपिड रिस्पांस टीमों द्वारा अनुभाग में अन्य जिलों, प्रदेशों से आए 36 लोगों का मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रवास रायसेन में इंदौर से आए तीन लोगों को रखा गया था जिनका कोरेंटाइन पीरियड पूर्ण होने पर वाहन के माध्यम से उनके गृह ग्राम पहुंचाया गया। अनुभाग में प्रशासन द्वारा 2596 निर्धन, बेसहारा लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

कोई टिप्पणी नहीं