Breaking News

रायसेन - शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज रायसेन में आईसोलेशन सेंटर स्थापित


 रायसेन - (सत्येन्द्र पांडे) - राष्ट्रीय आपदा नोवेल कोरोना वायरस की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अनिल डामोर के आदेशानुसार जिले में पूर्व में स्थापित किए गए सेंटर्स के अतिरिक्त शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज रायसेन में आइसोलेशन सेंटर की स्थापना की गई है। इस आइसोलेशन सेंटर का प्रभारी अधिकारीतहसीलदार रायसेन तथा सीएमओ रायसेन को बनाया गया है एवं वे अनुविभागीय दण्डाधिकारी के निर्देशन में सम्पूर्ण कार्यवाही कराएंगे।
 

                                जिले में बाहर से आने वाले सभी व्यक्ति जो रायसेन में रूकने के उद्देश्य से आए हैं, उनको आइसोलेशन सेंटर पर पहुंचाए जाने तथा ऐसे सभी व्यक्तियों की स्क्रीनिंग संबंधित क्षेत्र की रेपिड रिस्पांस टीम एवं चिकित्सा टीम द्वारा किए जाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही एक हेल्पडेस्क की स्थापना कर आवश्यक स्टॉफ की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए हैं।

                             यह हेल्पडेस्क 24 घण्टे कार्यरत रहेगा तथा एक मोबाईल नम्बर सुनिश्चित कर जिला कंट्रोल रूम को अवगत कराया जाएगा। हेल्प डेस्क में बाहर से आने वाले व्यक्तियों का पृथक से पंजीयन कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की जाएगी तथा प्रतिदिन जिला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाएगी। जिले में बाहर से आने वाले व्यक्तियों का सर्वप्रथम स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।

                           परीक्षण उपरांत आवश्यकतानुसार होम कोरेंटाइन के लिए चिन्हांकित व्यक्तियों को आवश्यक निर्देशों के साथ उनके घर पहुंचाया जाएगा तथा सप्ताह में तीन दिवस उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। संबंधित आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम चौकीदार प्रतिदिन यह सुनिश्चित करेंगे कि होम कोरेंटाइन किए गए लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले।

                          आइसोलेशन सेंटर पर भर्ती लोगों की चिकित्सा सुविधा, भोजन आदि की व्यवस्था संबंधित सीएमओ एसडीएम या तहसीलदार के निर्देशन में किया जाना सुनिश्चित करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं