लाखों का राजस्व, बैठने को छत नहीं: जर्जर भवन में संचालित हो रहा गोटेगांव रजिस्ट्री कार्यालय, हादसे की आशंका
**गोटेगांव।** सरकार को लाखों रुपये का राजस्व देने वाले पंजीयन विभाग के गोटेगांव स्थित रजिस्ट्री कार्यालय की हालत बदहाल है। कार्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है, इसके बावजूद इसी भवन में संपत्तियों की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री और अन्य पंजीयन संबंधी कार्य लगातार किए जा रहे हैं। भवन की खराब हालत के चलते अधिकारी-कर्मचारियों के साथ यहां आने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रजिस्ट्री कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्रेता-विक्रेता, स्टांप वेंडर, मुंशी और अन्य लोग पहुंचते हैं, लेकिन उनके बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। कार्यालय भवन की जर्जर हालत और अव्यवस्थाओं के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन इसके जीर्णोद्धार को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है। विभागीय अधिकारियों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी सवाल उठ रहे हैं। जिस कार्यालय से शासन को अच्छी-खासी आय प्राप्त होती है, उसी कार्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है।
**हादसे के बाद जागेंगे जिम्मेदार?**
रजिस्ट्री कराने पहुंचे उपभोक्ताओं और मुंशियों ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि कार्यालय भवन की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और आवश्यक मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो जर्जर भवन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं।
गोटेगांव रजिस्ट्री कार्यालय, नरसिंहपुर समाचार, जर्जर रजिस्ट्री भवन, पंजीयन कार्यालय की बदहाली, गोटेगांव न्यूज, मध्यप्रदेश समाचार
#GotegaonNews #NarsinghpurNews #गोटेगांव #नरसिंहपुर #रजिस्ट्रीकार्यालय #जर्जरभवन #पंजीयनविभाग #जनसमस्या #मध्यप्रदेशसमाचार #MPNews #PublicIssues #HindiNews

कोई टिप्पणी नहीं