Breaking News

नरसिंहपुर की सीवरेज परियोजना व आवासीय इकाईयों का ई- शिलान्यास “नगरों का विकास पर्व”

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के नगरों का विकास पर्व के अंतर्गत सागर जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न शहरों में विकास कार्यों का ई- शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने नर्मदा सेवा मिशन अंतर्गत नगर पालिका नरसिंहपुर की सीवरेज परियोजना और 1100 आवासीय इकाईयों का ई- शिलान्यास किया। साथ ही 35 लाख रूपये लागत के नगरीय फायर वाहन का लोकार्पण किया।
   पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष, कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री जालम सिंह पटैल ने उक्त विकास कार्यों के ई- शिलान्यास एवं लोकार्पण की पट्टिका का अनावरण जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अर्चना दुबे की मौजूदगी में किया। पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे लोगों द्वारा रूचि लेकर देखा व सुना गया।
   नर्मदा सेवा मिशन सीवरेज परियोजना नरसिंहपुर की अनुमानित निर्माण लागत 87 करोड़ 73 लाख 79 हजार रूपये है। इस परियोजना के 10 वर्षों के संचालन व संधारण की अनुमानित लागत 30 करोड़ 37 लाख रूपये आयेगी। इसे मिलाकर सीवरेज परियोजना पर एक अरब 18 करोड़ 10 लाख 79 हजार रूपये की लागत अनुमानित है। इस परियोजना की वित्तीय सहायक केएफडब्ल्यू जर्मन बैंक है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एसबीआर तकनीकी पर आधारित है। इसमें 143 किमी की पाईप लाइन का सीवर नेटवर्क रहेगा। परियोजना के अंतर्गत नरसिंहपुर के सभी घरों में घरेलू कनेक्शन होंगे।
   प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण के अंतर्गत बीएलसी घटक में नरसिंहपुर में साढ़े 27 करोड़ रूपये लागत की 1100 आवासीय इकाईयों का ई- शिलान्यास और 35 लाख रूपये लागत के नवीन फायर वाहन का ई- लोकार्पण भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
   कार्यक्रम में अपर कलेक्टर जे समीर लकरा, शब्बीर उस्मानी, नीरज महाराज, विनीत नेमा, सरदार सिंह, सुनील जाट, भगवानदास राय, बंटी सलूजा, धनीराम पटैल, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी केएस ठाकुर और बड़ी संख्या में हितग्राही व नागरिक मौजूद थे।
   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री पटैल ने कहा कि प्रदेश के साथ- साथ नरसिंहपुर जिले में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं। इसलिए विकास पर्व मनाया जा रहा है। नरसिंहपुर में सीवरेज प्लांट बन जाने पर गंदे पानी की एक भी बूंद नर्मदा नदी में और पीने के पानी में नहीं जायेगी। लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
   राज्य मंत्री पटैल ने कहा कि आमजनता के हितों को देखते हुए राज्य शासन ने नरसिंहपुर की 57 अवैध कॉलोनियों को नियमित किया है। मध्यप्रदेश सरकार आमजनता, गरीबों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों समेत सभी वर्गों के हित में निरंतर लगी हुई है। मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत जिले में गरीब श्रमिकों के अब तक 30 करोड़ रूपये के बिजली के बिल माफ किये जा चुके हैं। अब पंजीकृत श्रमिकों को प्रतिमाह केवल 200 रूपये बिजली बिल देना पड़ेगा।
   जिला पंचायत के अध्यक्ष पटैल ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति शासन के प्रति आमजनता के स्नेह और आस्था का प्रतीक है। इसका आशय है कि केन्द्र एवं राज्य शासन आमजनता की आकांक्षाओं के अनुरूप सही दिशा में कार्य कर रहा है। सीवरेज प्लांट जिले के लिए बहुत बड़ी सौगात है। प्रधानमंत्री आवास योजना अत्यंत महत्वाकांक्षी पहल है। इसके माध्यम से गरीबों के मकान बनाने के जीवन भर के सपने को साकार किया जा रहा है। अवैध कॉलोनियों को वैध करके राज्य शासन ने जनहित में सराहनीय कार्य किया है। कार्यक्रम में शब्बीर उस्मानी एवं बंटी सलूजा ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
घरेलू गैस कनेक्शन व चूल्हों का नि:शुल्क वितरण
   कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्री पटैल और अन्य अतिथियों ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन व चूल्हों का नि:शुल्क वितरण किया।
राज्य मंत्री श्री पटैल और हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री से वीडियो कांफ्रेंसिंग से की बात
जुग- जुग जियें मुख्यमंत्री- गीताबाई
   ई-शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नरसिंहपुर में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधी बात करने की व्यवस्था की गई थी। राज्य मंत्री श्री पटैल ने नरसिंहपुर में सीवरेज प्लांट की बड़ी सौगात देने के प्रति मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
   प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास मिलने पर नरसिंहपुर के इतवारा बाजार में पानी की टंकी के पास रहने वाली वृद्ध महिला गीता बाई ने भावविभोर होकर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा कि आपने इतना अच्छा काम किया है कि कह नहीं सकते। आप इसी तरह जनता के हित में काम करते रहें। आप जुग- जुग जियें।
   रोहित नेमा ने नरसिंहपुर में नवीन फायर वाहन देने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फायर वाहन आग लगने पर होने वाले नुकसान को रोकता है। उनके सिमरिया के खेत में गेहूं की फसल में आग लग गई थी, तो नरसिंहपुर से फायर वाहन ने पहुंचकर आग बुझाने में बहुत मदद की थी। यह नवीन फायर वाहन न केवल जिला मुख्यालय बल्कि आसपास के अनेक गांवों में मददगार साबित होगा।
झांकी व नृत्य
   कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री आवास की झांकी की मनोरम प्रस्तुति नगर पालिका द्वारा की गई। कार्यक्रम में बच्चों ने आदिवासी एवं गौंड़ी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। जिसे सभी ने सराहा।

कोई टिप्पणी नहीं