‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत बड़ी कार्रवाई स्मैक और अवैध शराब सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में कानून व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, एसडीओपी मनोज गुप्ता सहित विभिन्न थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसपी ने लंबित अपराधों और शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए महिला, बालक एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा बीट सिस्टम को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत दो बड़ी कार्रवाइयां की गईं।
1.1 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ढाका ग्राउंड के पास नहर वाले कच्चे रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में पवन गोस्वामी निवासी धनारे कॉलोनी नरसिंहपुर एवं अभय ठाकुर निवासी ग्राम मधरघा शामिल हैं। दोनों के कब्जे से कुल 11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव चांटे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
60 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
अभियान के तहत दूसरी कार्रवाई मुंगवानी थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बकोरी स्थित माछा नदी के पास झाड़ियों की घेराबंदी कर आरोपी रामसिंह ठाकुर (48 वर्ष) निवासी ग्राम बकोरी को हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से 60 लीटर हाथ भट्टी महुआ की कच्ची शराब बरामद की गई।
मुंगवानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं