Breaking News

अधूरे पुल ने बढ़ाया खतरा, तीन साल से लापरवाही का शिकार कंक्रीट मार्ग


नरसिंहपुर/गोटेगांव:- ( मोहन सिंह राजपूत) - गोटेगांव से सांकल रोड होते हुए नरसिंहपुर को जोड़ने वाले लगभग 40 किलोमीटर लंबे निर्माणाधीन कंक्रीट मार्ग पर जिम्मेदारों की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर कमोद ग्राम के पास एक छोटे नाले पर बना पुल पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है, जो अब राहगीरों के लिए किसी डेथ ट्रैप से कम नहीं रह गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुल का ढांचा तो तैयार कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जरूरी रेलिंग (रॉलिंग), स्टॉपर दीवार और साइड शोल्डर का निर्माण अब तक नहीं किया गया है। ऐसे में रोजाना कमोद, सांकल, नायगांव तिडनी और झामर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों वाहन चालक इसी खतरनाक रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। खासतौर पर रात के अंधेरे और बरसात के मौसम में बिना रेलिंग वाले इस पुल से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। साइड सुरक्षा दीवार न होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नाले में गिरने का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि तीन साल का लंबा समय बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग और ठेकेदार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस मामले में प्रशासन की चुप्पी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय इस अधूरे कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए और पुल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं