Breaking News

सवारी वाहनों से ढोया जा रहा माल, गोटेगांव की सड़कों पर बढ़ा हादसों का खतरा


 नरसिंहपुर/गोटेगांव:- ( मोहन सिंह राजपूत) - नगर में इन दिनों यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिल रही है। सवारी वाहनों का उपयोग धड़ल्ले से व्यावसायिक माल ढुलाई के लिए किया जा रहा है। ऑटो रिक्शा और छोटा हाथी जैसे यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सामान लादकर सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

मुनाफे की होड़ में वाहन चालक और कुछ व्यवसायी सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं। हाल ही में नगर में एक बेहद खतरनाक दृश्य सामने आया, जब लोहे की पैनी टीन की चादरों को बिना किसी सुरक्षा कवर के छोटा हाथी वाहन में भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा रहा था। खुले तौर पर बाहर निकली टीन की चादरें सड़क पर चल रहे राहगीरों और दुपहिया चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि व्यस्त मार्गों पर इस तरह की ढुलाई किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। यदि वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाए या वाहन असंतुलित हो जाए तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक या असुरक्षित तरीके से सामान ले जाना सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनता है और यह यातायात नियमों का उल्लंघन भी है।

नगरवासियों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि सवारी वाहनों में अवैध माल ढुलाई पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि नगर की सड़कों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं