Breaking News

होशंगाबाद - कलेक्टर ने की विभिन्न विभागो की समीक्षा की, दिये आवश्यक निर्देश

होशंगाबाद/02,जून, 2020/-(अजयसिंह राजपूत)- खरीफ फसलो हेतु खाद, बीज एवं कीट नाशको की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं अमानक खाद, बीज का विक्रय करने वालो के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर श्री धनंजय सिंह ने दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा की।

                       बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री आदित्य सिंह सहित उक्त विभागो के अधिकारीगण उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि विभाग अंतर्गत खरीफ वर्ष 2020 हेतु फसलवार संभावित क्षेत्राच्छादन/ बीज की मांग / उपलब्धता, रिजफेरो एवं रेज्डवैड पद्धति अंतर्गत किये गये कार्यो की जानकारी ली।

                      कलेक्टर श्री सिंह ने उद्यानिकी विभाग अंतर्गत विभागीय लक्ष्यो एवं उनके विरूद्ध हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने उद्यानिकी अंतर्गत औषधि पौधो की खेती को बढ़ावा देने तथा प्रोसेसिंग एवं भंडारण हेतु उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने उद्यानिकी अंतर्गत लक्ष्य के विरूद्ध न्यून प्रगति पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए उप संचालक उद्यानिकी  एवं एमपीएग्रो के मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

                     पशुपालन विभाग अंतर्गत कलेक्टर श्री सिंह ने उप संचालक पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री गौ सेवा योजना अंतर्गत सभी गौशालाओ को शीघ्र क्रियाशील करने तथा उनका सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि दूध संग्रहण बढ़ाए तथा समितियों एवं मिल्क रूट का शीघ्र सर्वे करें।

                    उन्होंने दुध संग्रहण मे न्यून प्रगति पर दुग्ध संघ के सुपरवाईजर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने मत्स्य विभाग को निर्देशित किया कि मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए मत्स्य पालको को प्रोत्साहित करें तथा मत्स्य उत्पादन हेतु  तकनीकी उपाय अपनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने सभी मछुआरो के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने के संबंध में निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उक्त विभागो अंतर्गत संचालित कार्यो की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये।

कोई टिप्पणी नहीं