Breaking News

रायसेन/मंडीदीप- वेतन विसंगतियों को लेकर कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन


रायसेन/मंडीदीप-(सत्येंद्र पांडे)- देश भर में लाॅकडाउन के कारण उद्योग जगत में आये उतार चढ़ाव ने एक ओर जहां उत्पादन और अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है वहीं कई जगह कामगार और प्रबंधन के बीच संघर्ष की स्थितियां भी निर्मित हो रही हैं।

रायसेन जिले के औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में स्थित नाहर स्पिनिंग मिल में यही स्थिति लाॅकडाउन के बाद काम शुरु होने के बाद तीसरी बार आज निर्मित हो गयी। फैक्ट्री की महिला कर्मचारियों और अस्थाई श्रमिकों ने वेतन ना मिलने और प्रबंधन के अधिकारियों द्वारा अमानवीय व्यवहार करने के विरोध स्वरूप फैक्ट्री के मुख्यद्वार पर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया। श्रमिकों का कहना था कि प्रबंधन से असहमति दर्शाने पर उन्हे मानसिक यातना से प्रताड़ित किया जाता है और बंदियों की तरह व्यवहार होता है। उन्हे ना तो लाक डाउन अवथि का वेतन दिया गया है और ना ही कार्यउपस्थिति का। जो बाहरी श्रमिक विवशता मे नौकरी छोंड़ गये प्रबंधन उनके बकाया वेतन को लेकर भी गोल मोल रवैया अपनाये हुऐ है। 

स्थिति के नियंत्रण हेतु स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, नायब तहसीलदार श्री मुकेश राज की समझाइश से मामला शांत हो सका। हालांकि श्रमिकों और महिला कर्मचारियों के प्रतिनिधि श्री परेश नागर ने बताया कि उन्हे आश्वस्त किया गया है कि कल सुबह 11 बजे श्रम विभाग के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन की उपस्थिति में इस मामले का स्थायी हल निकाल लिया जायेगा। 

ऐसी स्थिति में प्रशासन को निजि संस्थानों और कामगारों के साथ त्वरित मध्यस्थता हेतु सक्षम उपायों के साथ सक्रियता दिखाना चाहिये जिससे देश की गति के वाहक उद्योग अपनी निरंतरता बरकरार रखें और कामगारों के अधिकार भी सुरक्षित रह सकें।

कोई टिप्पणी नहीं