Breaking News

नरसिंहपुर कलेक्टर कार्यालय के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का लोकार्पण व गांधी प्रतिमा का हुआ अनावरण

नरसिंहपुर/14 फरवरी 2020 (आशीष दुबे)-  नवीनीकृत कलेक्टर कार्यालय का सौंदर्यीकरण एवं लोकार्पण सहित गांधी प्रतिमा का अनावरण गुरूवार को विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति के मुख्य आतिथ्य में तथा स्थानीय विधायक जलाम सिंह पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रजापति ने कहा कि नरसिंह भवन के नाम से पहचान बनाने वाले इस कलेक्ट्रेट भवन का अपना अलग महत्व है। इस भवन की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय एक छत के नीचे संचालित हो इस अवधारणा के तहत इस भवन का शिलान्यास किया गया था। बेहतर, सुसज्जित रूप में बनाये गये इस भवन में अपनी समस्या लेकर आने वाले लोगों को सुविधाएं प्रदान हो यह वास्तविक मंतव्य है। जिला प्रशासन के दूरस्थ दृष्टिकोण के रूप में यह भवन अपनी भूमिका निभाएगा। सकारात्मक भाव को इंगित करने वाले इस भवन से लोगों को काफी अपेक्षाएं हैं। लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव से प्रशासन एवं लोगों के बीच सौहार्द्रता का भाव उत्पन्न होगा। आसानी से अधिकारियों से मिलकर लोग अपनी बात कह सकेंगे। जिले को अग्रणी बनाने के लिए जनता का भी सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले में अपनी सेवा देने आये वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी छाप प्रदेश स्तर तक छोड़ी है। भवन के छत के नीचे सभी कार्यालय होंगे। लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग के अपने- अपने अधिकारी- कर्मचारी को रहवास के लिए आवास प्रदान करने की भी प्रक्रिया प्रारंभ करें।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण पर उन्होंने कहा कि विश्व की महान हस्ती की प्रतिमा कलेक्ट्रेट में स्थापित की गई है। परिसर का कार्य बेहतर एवं खूबसू‍रत तरीके से करने पर उन्होंने कलेक्टर को बधाई भी प्रेषित की।
स्थानीय विधायक जालम सिंह पटैल ने कहा कि समय की आवश्यकता के अनुसार भवन का स्वरूप बदलता गया। पुराने नरसिंह भवन का नया स्वरूप अत्यंत आकर्षक है। लोगों को सभी सुविधाएं प्रदान कर उनकी समस्या का निराकरण किया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल ने कहा कि अच्छे परिवेश में काम करने पर एक अलग अनुभूति प्राप्त होती है। इस भवन में अधिकारी- कर्मचारी एवं लोगों के मन में प्रसन्नता का भाव होगा। इस भवन के लिए उन्होंने जिला प्रशासन को शुभकामनाएं दी।
प्रशासक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मैथिलीशरण तिवारी ने भवन के प्रारंभ से लेकर अभी तक की जानकारी कार्यक्रम में प्रदान की। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखकर ही यह स्वरूप भवन को प्रदान किया गया है।
कलेक्टर सक्सेना ने कहा कि भवन के माध्यम से सुविधाओं एवं परिवेश को बेहतर करने का प्रयास किया गया है। कलेक्टर एवं एसपी ऑफिस एक ही भवन में संचालित हो रहे हैं। कानून व्यवस्था बेहतर हो एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करने से कार्यप्रणाली पर सकारात्मक प्रभाव दृष्टिगत होगा। कार्यालय सुंदर बनाना ही मंशा नहीं बल्कि कार्य करने के वातावरण में भी बदलाव आये यह ध्यान रखा गया है। जनसुनवाई में अब नयी ऑटोमेटिक कार्यप्रणाली का उपयोग होगा, जिसमें हाई स्पीड स्कैनर, प्रिंटर, कम्प्यूटर सिस्टम होंगे। आवेदन करने वाले की जानकारी इसमें पीडीएफ के रूप में होगी। इसमें आवेदक की समस्या का क्या निराकरण किया गया है, इसकी जानकारी बताई जा सकेगी। उक्त कार्य की प्रेरणा उन्हें विधानसभा अध्यक्ष के द्वारा मिली है। भवन में सभाकक्ष, कलेक्टर कक्ष, जिला दंडाधिकारी न्यायालय, वेटिंग रूम, शौचालय भी बनाये गये हैं। भवन में सूर्य प्रकाश की पर्याप्त उपलब्धता होने से ऊर्जा खपत काफी कम होगी। उक्त भवन को आईएसओ प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा चुका है।
कार्यक्रम में  लाखन सिंह पटैल, चौ. चंद्रशेखर साहू,  मनोहरलाल साहू, डॉ. संजीव चांदोरकर,   प्रीतिराज प्रजापति, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  देवेन्द्र पटैल,  अरूण गुप्ता, श्रीमती कुसुम साहू, श्रीमती अर्चना राय, श्रीमती मीना शाह, श्रीमती विमला ठाकुर, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, एडीजे  गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत  केके भार्गव सहित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी, विशिष्ट जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सुश्री संघमित्रा बौद्ध व आभार एडीएम  मनोज ठाकुर ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं