वेयरहाउस की खिड़की तोड़कर 10 कट्टी मूंग चोरी का 24 घंटे में खुलासा
तीन आरोपी गिरफ्तार, विधि विरुद्ध बालक अभिरक्षा में; ऑटो, मूंग और मोबाइल समेत 2.93 लाख रुपए का माल बरामद
गोटेगांव/श्रीनगर। साहू वेयर हाउस श्रीनगर में खिड़की की लोहे की ग्रिल तोड़कर 10 कट्टी मूंग चोरी किए जाने के मामले में गोटेगांव पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त लाल रंग का ऑटो, चोरी की गई मूंग और दो मोबाइल फोन समेत कुल 2 लाख 93 हजार 840 रुपए की सामग्री बरामद की गई है।
खिड़की की ग्रिल तोड़कर ले गए थे मूंग
पुलिस के अनुसार, साहू वेयर हाउस की संचालिका श्रीमती द्रोपती साहू ने पुलिस चौकी ज्योतिश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर वेयर हाउस की खिड़की की लोहे की ग्रिल तोड़कर वहां रखी 10 कट्टी मूंग चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर चौकी ज्योतिश्वर, थाना गोटेगांव में अपराध क्रमांक 644/2026, धारा 305(E), 331(4) बीएनएस एवं धारा 3 सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर चार संदिग्धों से पूछताछ
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 8 अक्टूबर को चार संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने वेयर हाउस में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई मूंग को लाल रंग के ऑटो से ले जाकर मवई घाट के जंगल में छिपाकर रखा गया था।
मवई घाट के जंगल से बरामद हुआ चोरी का माल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मवई घाट के जंगल में दबिश देकर चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस ने मौके से—
- लाल रंग का ऑटो — अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए
- 10 कट्टी मूंग, वजन करीब 5 क्विंटल — कीमत 43,840 रुपए
- दो मोबाइल फोन — कीमत 50 हजार रुपए
सहित कुल 2,93,840 रुपए का माल बरामद कर जब्त किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक अभिरक्षा में
पुलिस ने मामले में मोहन उर्फ शिवम चौधरी (18), अनिल कुमार चौधरी (19) एवं योगेश उर्फ राजू चौधरी (21), सभी निवासी श्रीनगर मोहासी, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं विधि विरुद्ध बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करने में चौकी प्रभारी ज्योतिश्वर सहायक उप निरीक्षक सुमित तिवारी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश धुर्वे, आरक्षक 59 शिवराज एवं आरक्षक 600 गौरी शंकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां चोरी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा हुआ, वहीं चोरी गए सामान की भी पूरी बरामदगी की गई।
#CrimeNews #PoliceAction #TheftCase #CrimeInvestigation #BreakingNews #MadhyaPradeshPolice #MoongTheft #WarehouseTheft #QuickAction #CriminalCaught #LatestNews #JusticeServed #PoliceSuccess #CrimeAlert #HindiNews

कोई टिप्पणी नहीं