Breaking News

शासकीय अस्पताल की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, बाउंड्रीवाल निर्माण में बाधा

एसडीएम से शिकायत कर कब्जा हटाने और कार्रवाई की मांग


नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- नगर के नेहरू वार्ड निवासी अनिल कुमार जैन ने गोटेगांव अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को आवेदन सौंपकर शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुरानी शासकीय अस्पताल परिसर की भूमि पर कब्जा किए जाने के कारण बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य बाधित हो रहा है।
आवेदक अनिल कुमार जैन ने अपने आवेदन में बताया कि मौजा छोटा छिंदवाड़ा, पटवारी हल्का नंबर 45, राजस्व निरीक्षक मंडल गोटेगांव अंतर्गत स्थित पुरानी शासकीय अस्पताल की भूमि पर प्रशासन द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान संदीप जैन पिता सुरेश चंद्र जैन द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित रूप से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे न केवल निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है बल्कि शासकीय भूमि की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आवेदक ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
अनिल कुमार जैन ने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। आवेदन सामने आने के बाद क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

इनका है कहना

बीएमओ डॉ एस एस धुर्वे

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बाउंड्रीवाल का कार्य होना है जिसे लेकर यहां पर अतिक्रमण होने के कारण समस्या आ रही है जिसे लेकर मैंने एसडीएम महोदय को अवगत करा दिया है उन्होंने बोला है कि जल्द ही अतिक्रमण हटवाया जाएगा।

एसडीएम संघमित्रा गौतम
एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है साथ ही स्थानीय डॉक्टर बीएमओ द्वारा भी अवगत कराया गया था उक्त अतिक्रमण मामले में मेरे द्वारा मौके पर पहुंचकर संयुक्त टीम के साथ शिकायत पत्र के आधार पर जांच पड़ताल माप किए जाने के पश्चात अगर शासकीय भूमि पर कब्जा पाया जाता है तो निश्चित रूप से उसे खाली कराया जाएगा ताकि परिसर में हो रहे बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य सुचारू रूप से हो सके !

कोई टिप्पणी नहीं