गोटेगाँव नगर की सड़कों पर गूंजा नगाड़ा, अपराधी को 7 जिलों से किया तड़ीपार
डुग्गी पीटकर निकाला खौफ का जुलूस, खुख्यात बदमाश हुआ जिला बदर
नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को जिला बदर कर दिया। गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने खुख्यात आरोपी छोटू उर्फ किशन पिता रवि चौधरी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कार्रवाई का ऐलान कराया। आरोपी को नगर की सड़कों पर सरेराह घुमाया गया और नगाड़ा बजवाकर लोगों को प्रशासन के आदेश की जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती रजनी सिंह ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत थाना गोटेगांव के आदतन अपराधी छोटू उर्फ किशन को एक वर्ष के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर की गई।
गुरुवार को एसडीओपी मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई का सार्वजनिक ऐलान कराया। नगर के प्रमुख मार्गों पर आरोपी को घुमाते हुए डुग्गी पिटवाई गई, ताकि आमजन को प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी मिल सके और अपराधियों में कानून का भय कायम हो। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ भी देखने को मिली।
जिला दंडाधिकारी के आदेश के मुताबिक आरोपी को 48 घंटे के भीतर नरसिंहपुर जिले सहित पड़ोसी जिलों छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, दमोह, सागर, रायसेन और नर्मदापुरम की सीमाओं से बाहर जाना होगा। आगामी एक वर्ष तक वह बिना सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति के इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मारपीट, बमबाजी, जातिगत अपमान, नाबालिग से छेड़छाड़ तथा अश्लील वीडियो वायरल करने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में भय का वातावरण निर्मित करने की शिकायतों के चलते प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कोई टिप्पणी नहीं