एसडीएम कार्यालय बना इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पॉइंट
(मोहन सिंह राजपूत)
नरसिंहपुर/गोटेगांव:- नगर में शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक परिसरों में सरकारी बिजली के निजी उपयोग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला गोटेगांव के एसडीएम कार्यालय और आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम परिसर से जुड़ा है, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग को लेकर लोगों में नाराजगी और सवाल दोनों देखने को मिल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गोटेगांव एसडीएम कार्यालय परिसर में शासकीय कर्मचारी अपनी सुविधा अनुसार निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को कार्यालय की विद्युत व्यवस्था से चार्ज कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है, जबकि दूसरी ओर सरकारी बिजली का उपयोग निजी कार्यों में खुलेआम किया जा रहा है। लोगों ने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया है।
वहीं नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम परिसर में उस समय लोगों की भौंहें तन गईं, जब एटीएम कक्ष के भीतर एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एटीएम के अंदर मौजूद विद्युत व्यवस्था का उपयोग वाहन चार्ज करने के लिए किया जा रहा था। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम परिसर अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। ऐसे में वहां निजी वाहन चार्ज किया जाना न केवल नियमों के विपरीत माना जा रहा है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर लापरवाही समझी जा रही है।
बताया जा रहा है कि चार्जिंग पर लगी स्कूटी बैंक प्रबंधक की है। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है, तो मामला और गंभीर हो जाता है, क्योंकि जिस अधिकारी पर बैंक की संपत्ति और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी है, उसी पर परिसर के निजी उपयोग के आरोप लग रहे हैं।
इस पूरे मामले को लेकर नगर में चर्चा का माहौल है। लोगों ने संबंधित विभागों और बैंक प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता को नियमों का पालन करने के लिए कैसे प्रेरित किया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं