पत्रकारिता और पत्रकार हितों के लिए समर्पित देशभर के 101 पत्रकारों का हुआ सम्मान
नर्मदापुरम - ( अजय सिंह राजपूत ) - पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के साथ-साथ पत्रकारों के हितों, अधिकारों और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले देशभर के चयनित पत्रकारों को जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा इस वर्ष हिंदी पत्रकारिता दिवस पर डिजिटल सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने सम्मानित होने वाले पत्रकारों की सूची जारी करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे पत्रकारों का सम्मान किया जाना आवश्यक है जो निष्पक्ष, जनहितकारी और समाजोपयोगी पत्रकारिता कर रहे हैं।
डॉ. सक्सेना ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से कुल 101 पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, दिल्ली और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के पत्रकार शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया का उद्देश्य केवल पत्रकारिता को सशक्त बनाना ही नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाना तथा पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करना भी है। संस्था लंबे समय से पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाती रही है।
इस वर्ष सम्मानित होने वाले पत्रकारों में समाचार पत्र, न्यूज चैनल, वेब पोर्टल, डिजिटल मीडिया और स्वतंत्र पत्रकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। सम्मान सूची में मध्यप्रदेश से अजय सिंह राजपूत (BMP 24 न्यूज, नर्मदापुरम), महेंद्र सिंह लहरिया (वंदे भारत न्यूज, मुरैना), हरीशंकर पाराशर (सत्यार्थ न्यूज, कटनी), रविन्द्र कुशवाहा (चौथा संसार, हरदा) सहित कई पत्रकारों के नाम शामिल हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने सभी चयनित पत्रकारों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सम्मान पत्रकारों को और अधिक निष्ठा, निष्पक्षता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने वाले पत्रकार राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं।
जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा जारी सम्मान सूची में शामिल सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस पर डिजिटल सम्मान पत्र प्रदान किए गए । संस्था ने इसे पत्रकारिता जगत के लिए गौरव का विषय बताते हुए सभी चयनित पत्रकारों को बधाई दी है ।

कोई टिप्पणी नहीं