Breaking News

नरसिंहपुर - भ्रष्टाचार दबाने के लिए किसानों पर दर्ज कराए फर्जी मामले - युवा नेता मोनू पटेल

नरसिंहपुर - (आशीष दुबे ) -  किसानों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसके बाद युवा नेता मोनू पटेल ने नरसिंहपुर कलेक्टर के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगाए हैं। मोनू नरसिंहपुर विधायक जालमसिंह पटेल के पुत्र व मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के भतीजे हैं। युवा नेता का आरोप है कि विगत दिनों नरसिंहपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना और जिला प्रशासन ने षड्यंत्र रचकर किसानों पर जबरन मामले दर्ज किए हैं।

भोले-भाले किसानों को फंसाया जा रहा है - 

                        किसानों पर मामला दर्ज होने की बात पता चलते ही युवा नेता मोनू पटेल की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। मोनू ने कहा, कि जिन बिन्दुओं के आधार पर हमारे किसान भाइयों पर जिला प्रशासन द्वारा आपराधिक मामले दर्ज कराए है वह निंदनीय है, उक्त मामले में दोषी स्वयं कलेक्टर दीपक सक्सेना और उनकी उनकी टीम है, जिन्होंने भोले भाले किसानों पर आपराधिक मामला दर्ज कराया है।

                      युवा नेता के आरोप हैं कि ये पूरा षड्यंत्र  खुद को बचाने के लिए रचा गया है जबकि सच्चाई कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अपना गुनाह छुपाने के लिए किसानों पर झूठे केस बनवा दिए गए है.

                      किसानों पर मामला दर्ज होने के बाद भड़के युवा नेता ने कहा कि कलेक्टर दीपक सक्सेना स्वयंभू सरकार की भूमिका में है जिनकी तानाशाही के चलते भाजपा की किसान हितैषी सरकार को बदनामी झेलनी पड़ रही है। अगर इन्हें जिले से नहीं हटाया गया तो जल्द ही जिले के अन्नदाता का सब्र जवाब दे सकता है। 

कोई टिप्पणी नहीं