Breaking News

जिले की चारों नगरपालिका परिषद पर भाजपा का कब्जा नरसिंहपुर नगर पालिका में नीरज महाराज अध्यक्ष व अजीत उपाध्यक्ष निर्वाचित


नरसिंहपुर:- 12 अगस्त 2022 (आशीष दुबे)-  बुधवार 10 अगस्त को जिले की चार नगरपालिका परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद हेतु निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न हुई। जिसमें चारों नगरपालिकाओं में भाजपा के अधिकृत उम्मीदवारों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।
जिला मुख्यालय की 28 वार्डो वाली नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर में अध्यक्ष पद हेतु भाजपा प्रत्याशी नीरज महाराज ने कांग्रेस के रूद्रेश तिवारी को छह मतों से पराजित किया। नीरज महाराज को 17 एवं रूद्रेश तिवारी को 11 मत प्राप्त हुए। नरसिंहपुर में भाजपा के 19, कांग्रेस के 7 और 2 पार्षद निर्दलीय है।
यहां उपाध्यक्ष पद हेतु हुए चुनाव में भाजपा के अजीत ठाकुर ने कांग्रेस के आनंद चौरसिया को पराजित किया। 
करेली में सभी वार्डो में जीत हासिल करने वाली भाजपा अध्यक्ष चुनाव हेतु दो फाड़ हो गई। यहां भाजपा ने सुशीला ममार को अध्यक्ष पद हेतु अधिकृत किया था किंतु भाजपा से बगावत कर भाजपा पार्षद ज्योति जैन ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा। भाजपा की अधिकृत उम्मीदवार सुशीला ममार को 8 और ज्योति जैन को 7 मत प्राप्त हुए। करेली नगरपालिका में उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता नेमा बनी।
     जबकि गाडरवारा में भी भाजपा की गुटबाजी सामने आई यहां पर भाजपा के पास 24 में से 19 पार्षद हैं जबकि उसके उम्मीदवार शिवाकांत मिश्रा को 14 एवं कांग्रेस उम्मीदवार जिनेश सिंघई को 10 मत प्राप्त हुए। गाडरवारा में कांग्रेस के पास मात्र 5 पार्षद है, स्पष्ट है कि गाडरवारा के भाजपा 5 पार्षदों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। गाडरवारा में नगर पालिका उपाध्यक्ष वैशाली राय निर्विरोध निर्वाचित हुई।
बात करें गोटेगांव नगर पालिका तो यहां पूनम ठाकुर अध्यक्ष और श्रद्धा चौकसे उपाध्यक्ष निर्विरोध चुनी गई। नरसिंहपुर करेली गाडरवारा और गोटेगांव में अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनाव के बाद विजय जुलूस निकाले गए।
नरसिंहपुर में कलेक्टर ने प्रदान किये निर्वाचन प्रमाण पत्र-
नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में आयोजित प्रथम सम्मिलन में कलेक्टर रोहित सिंह ने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किये। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष और पार्षदों को उनके पद की शपथ दिलाई। उन्होंने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को शुभकामनायें दी। साथ ही सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराने के लिए नगर पालिका अमले को भी बधाई दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर दीपक कुमार वैद्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं