Breaking News

भोपाल - कल हो सकता है मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार, सिंधिया भी होंगे शपथग्रहण में शामिल



भोपाल - (सत्येन्द्र पांडे )- खबर आ रही है कि मध्यप्रदेश में मंत्रीमंडल विस्तार गुरुवार यानी कल होने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कह चुके हैं कि बुधवार को मंत्रिमंडल शपथ ले लेगा। राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर कई दिनों से चल रहे मंथन को लेकर गुरुवार को चौहान ने कहा, 'मंथन से अमृत ही निकलता है। विष तो शिव पी जाते हैं। आज (बुधवार) महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शपथ ग्रहण की । कल (गुरुवार) मंत्रिमंडल शपथ ले लेगा।'

                        इससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार के लिए चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। सोमवार को नई दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया था। इस दौरान चौहान के साथ मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और प्रदेश के संगठन महामंत्री सुहास भगत भी मौजूद थे।

                         जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल में 20 से 25 लोगों को शामिल किया जा सकता है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथ पार्टी में आए नौ पूर्व विधायकों को भी मंत्रिमंडल में स्थान दिया जा सकता है। अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे में चौहान ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और सिंधिया सहित पार्टी के अन्य नेताओं से भी मुलाकात की थी।

                         ख़बरों के अनुसार शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल विस्तार की योजना में थोड़ा बदलाव कर भाजपा नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है। केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से तैयार मंत्रियों की अंतिम सूची  के साथ राज्य के वरिष्ठ नेता विनय सहस्त्रबुद्धे भी भोपाल पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि इस सूची को गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नड्डा की अंतिम सहमति के बाद ही तैयार किया गया है।



कोई टिप्पणी नहीं