Breaking News

होशंगाबाद/पिपरिया - खुशियों की दास्तां, बच्चों के लिए सर्वसुविधायुक्त है बाल शिक्षा केन्द्र

होशंगाबाद/13,फरवरी,2020/-(अजयसिंह राजपूत)- शासन के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास द्वारा प्रारम्भिक बाल्यावस्था देख-रेख एवं (ई.सी.सी.आई.) का क्रियान्वयन किया गया है। जिसके अन्तर्गत होशंगाबाद जिले के विकासखंड पिपरिया के आंगनवाडी केन्द्र बोरना ठाकुर का चयन किया गया। यह परियोजना पिपरिया का पहला बाल शिक्षा केन्द्र बना है। बाल शिक्षा केन्द्र इतना आर्कषक बना है जिससे बच्चे बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे है।



             आर्कषक एवं सर्वसुविधा युक्त बने इस बाल शिक्षा केन्द्र में पालक अपने बच्चों को नियमित रूप से केन्द्र में भेजने लगे है एवं बच्चे भी नियमानुसार आंगनवाडी केन्द्र में उपस्थित हो रहे है। बाल शिक्षा केन्द्र में 3 से 6 वर्ष तक के कुल 16 बच्चे दर्ज है जो प्रतिदिन आंगनवाडी केन्द्र में उपस्थित होते है।

            बाल शिक्षा केन्द्र में बच्चों को नियमित नास्ता, भोजन के साथ औपचारिक शिक्षा, चित्रकला, खेल-खिलोनो एवं खेल-खेल में पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। केन्द्र में प्रत्येक शनिवार बाल सभा का आयोजन किया जाता है। माह के दूसरे मंगलवार को बाल चौपाल का आयोजन किया जाता है। जिसमें बच्चों के माता-पिता को आंमत्रित करके उनके बच्चों की प्रतिभा एवं उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी दी जाती है।

            बाल शिक्षा केन्द्र में प्रथम शुक्रवार को टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसमें शून्य से 5 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं एवं गर्भवती माताओं का टीकाकरण किया जाता है। जिसमें आंगनवाडी कार्यकर्ता के द्वारा स्थायी पोषण सामाग्री एवं पोषण से संबधित प्रर्दशनी भी लगाई जाती है एवं बाल शिक्षा केन्द्र पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बाल शिक्षा केन्द्र बोरना ठाकुर में जनसहयोग के माध्यम से बच्चों को बैग, बोटल, जूते आदि भी समय-समय पर प्रदान किए जाते है।



कोई टिप्पणी नहीं